Stunt On Delhi Roads : लाल बत्ती लगी बिना नंबर प्लेट की टोयटा फॉर्च्यूनर ने दिल्ली की सड़कों पर ऐसा कोहराम मचाया कि जिसने भी देखा, दहशत में आ गया। फिलहाल इस स्टंट की तस्वीरें सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग कायदे कानून के इस भयानक उल्लंघन के लिए दिल्ली पुलिस को निशाने पर ले रहे हैंं। खास बात ये है कि ऐसी स्टंटबाजी कर अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में डालने वाला नौजवान खुद दिल्ली पुलिस के एक एसीपी का बेटा है। ऐसे में लोगों की पुलिस के प्रति नाराजगी कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। (Stunt On Delhi Roads)
Stunt On Delhi Roads – सड़क पर स्टंट, खतरे में लोग
वीडियो पश्चिमी दिल्ली के इलाके का बताया जाता है। रात का मंजर है, जिसमें कार पूरी रफ्तार से भागती दिख रही है.. कभी इस चलती कार में ड्राइवर दरवाजे खोल कर कलाबाजी दिखाता है, कभी कोई फुटबोर्ड पर लटक जाता है, तो कभी बीच सड़क पर जिग जैग तरीके से कार चलाने लगता है… कुल मिलाकर आप ये कह सकते हैं कि कानून को जितने तरीके से भी तोड़ा जा सकता है, इस फॉर्च्यूनर का ड्राइवर वो हर काम कर रहा है। क्योंकि उसे पता है कि वो पुलिस वाले का बेटा है।
Stunt On Delhi Roads – स्टंट के खेल में कई अमीरजादे शामिल
वैसे स्टंट के इस खौफनाक खेल में सिर्फ एक फॉर्च्यूनर कार ही शामिल नहीं थी, बल्कि कई और कारें उसके आगे पीछे चल रही थी और उसमें सवार लड़के भी अपने-अपने हिसाब से स्टंटबाजी कर लोगों को दहशत में डाल रहे थे। हालांकि इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस ने बगैर नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार को ढूंढ निकाला और उसे जब्त कर लिया। हालांकि इन पंक्तियों को लिखे जाने तक एसीपी पुत्र पीयूष शर्मा के शिकंजे में आने की कोई जानकारी नहीं है।
सोशल मीडिया में शेयर किया गया स्टंट का वीडियो देखें-
https://x.com/ShriNamaha/status/
Stunt On Delhi Roads – सोशल मीडिया में लाइक पाने का पागलपन
जानकारी के मुताबिक स्टंट कर लोगों को परेशान करने वाला नौजवान सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो डाल कर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने और अपने फॉलोअर्स की तादाद बढ़ाने में लगा है। उसने खुद भी इस स्टंट के वीडियो को अपने साथियों से शूट करवाया और इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने सोशल मीडिया पर दिल्ली पुलिस टैग कर शिकायत करने की शुरुआत की। वैसे ये पहला मौका नहीं है जब इस लड़के ने ऐसा स्टंट कर लोगों की जिंदगी खतरे में डाली है। लेकिन शायद ये कानून की कमी है कि कई बार ऐसी हरकतों के बावजूद उसकी ये आदत नहीं छूटती।