South Korea medical news: बुजुर्गों में घुटनों का दर्द एक आम समस्या है। ऐसी ही समस्या दक्षिण कोरिया की 65 साल की एक बुजुर्ग महिला की भी थी। जिसे घुटनों में ऑस्टियोआर्थराइटिस की बीमारी थी। लेकिन जब ये बुजुर्ग महिला अपने घुटनों के दर्द के इलाज के डॉक्टर के पास गई और डॉक्टर ने उनके घुटनों का एक्स-रे किया तो फिर ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने सभी को हैरान कर दिया। महिला के दोनों घुटनों में चारों तरफ सैकड़ों छोटे छोटे सोने के तार लगे हुए थे।
एक्स–रे में नजर आई हैरान करने वाली तस्वीर
घुटनों का एक्स-रे देख कर ऐसा लग रहा था, मानों घुटनों को किसी सोने के जाल से बांधा गया हो। अब सवाल ये था कि आखिर ऐसा कैसे हुआ? घुटनों में इतने सारे सोने के तार कहां से आए? तो जब बुजुर्ग महिला से इस सवाल का जवाब पूछा गया तो इसकी सच्चाई सामने आई। सच्चाई चौंकाने वाली थी।
घुटने में मौजूद सैकड़ों सोने के तार का क्या है रहस्य?
घुटनों के दर्द से निजात पाने के लिए पहले महिला ढेरों दवाइयां खाई थीं। लेकिन इसका कोई खास फायदा नहीं हुआ। ऑस्टियोआर्थराइटिस की बीमारी में आम तौर पर घुटनों में पाया जाने वाला चिकनाई भरा पदार्थ सूख जाता है। जिससे बीमार शख्स की परेशानी बढ़ जाती है। इस महिला के साथ भी कुछ ऐसा ही था। तो महिला अपने इसी समस्या से निजात पाने के लिए एक्यूपंक्चर क्लिनिक गई थी, जहां ये सोने के तार वाली समस्या पैदा हुई।
खतरनाक हो सकता है घुटनों में किसी धातु का छोड़ा जाना
असल में दुनिया के कई देशों में एक्यूपंक्चर ट्रीटमेंट के दौरान दर्द वाली जगह पर न सिर्फ धातु के छोटे छोटे पिन चुभोए जाते हैं, बल्कि कुछ जगहों पर ऐसे ही छोटे छोटे सोने के तार जान बूझ कर छोड़ दिए जाते हैं, ताकि मरीज को आराम मिल सके। इस मामले में भी कुछ ऐसा ही था। लेकिन डॉक्टरों की मानें तो ऐसा करना खतरनाक हो सकता है। इससे तार वाली जगह पर गांठें बन सकती हैं और तार एक जगह से दूसरी जगह शरीर में ही खिसक सकते हैं, जो कि खतरनाक साबित हो सकता है।
प्रमुख न्यूज चैनल आजतक के वेबसाइट के मुताबिक डॉक्टर उस महिला का इलाज तो कर रहे हैं। लेकिन उसके घुटने से सोने के तार निकाले गए या नहीं, ये अभी साफ नहीं है।
