
Pune Girl Rape Case: पुणे में एक फ्लैट में एक लड़की के साथ डिलीवरी ब्वॉय बन कर की गई रेप की वारदात ने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया था। लेकिन अब इस मामले की जांच में जो कहानी सामने आई है, वो आपको चौंका सकती है।
लड़का जबरदसी घर में नहीं घुसा
इस कहानी के मुताबिक न तो लड़का उस लड़की के घर में जोर जबरदस्ती घुसा, न जबरदस्ती उसकी कोई तस्वीर उतारी और न ही उसके साथ रेप करने से पहले उस पर कोई नशीला स्प्रे किया। बल्कि वो लड़का, लड़की की रजामंदी से ही उसके घर घुसा था और अपने मोबाइल से तस्वीरें भी लड़की की सहमति से ही ली थी।
धीरे धीरे पलट रही है रेप की कहानी
जाहिर है, पुणे पुलिस की जांच में एक भयानक और डरावनी रेप की कहानी अब पलटती हुई दिख रही है। पुणे के पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने कहा है कि उन्होंने इस सिलसिले में लड़की की शिकायत मिलने पर आरोपी लड़के को हिरासत में लिया है, जिसके बाद अब नए तथ्य सामने आ रहे हैं। इसलिए अब पुलिस पीड़ित लड़की की शिकायत की ही जांच करने लगी है।
लड़की ने सुनाई थी भयानक कहानी
असल में पुणे की एक सोसाइटी में रहने वाली 22 साल की एक आईटी प्रोफेशनल लड़की ने शिकायत दी थी कि बुधवार शाम 7.30 बजे एक लड़का खुद को डिलिवरी ब्वॉय बता कर उसके घर घुस गया और उस पर नशीला स्प्रे छिड़क कर उसका रेप किया। आपत्तिजनक तस्वीरें उतारी और जाते जाते फिर से आने की धमकी देकर गया।
साल भर से एक दूसरे को जानते हैं आरोपी और पीड़ित
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और उसने लड़के को हिरासत में ले लिया। लेकिन अब जांच में पता चला है कि लड़का लड़की को साल भर से जानता है और उसकी मर्जी से ही उसके घर आया था। शिकायत में कही गई कई बातें झूठी हैं। अब पुलिस यही पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर लड़की ने ऐसी झूठी रिपोर्ट लिखवाई क्यों?