Prithvi Shaw Sapna Gill Case
Prithvi Shaw Sapna Gill case: जाने-माने क्रिकेटर और करोड़ों के नेटवर्थ के मालिक पृथ्वी शॉ पर मुंबई की एक अदालत ने सौ रुपये का जुर्माना लगाया है। जी हां, महज सौ रुपये का। मुंबई की डिंडोशी सेशन कोर्ट ने ये जुर्माना पृथ्वी शॉ के उस रवैये पर लगाया है, जिसमें उनके खिलाफ लगाए गए छेड़छाड़ और बतदमीजी के आरोपों पर उनसे अपना पक्ष रखने यानी जवाब दाखिल करने को कहा गया था। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में पृथ्वी शॉ को कई मौके दिए गए, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसलिए इस बार उन्हें 100 रुपये का फाइन लगा कर एक और मौका दिया जाता है।

क्या है सपना गिल और पृथ्वी शॉ का विवाद? जानिए..
असल में पृथ्वी शॉ के खिलाफ सपना गिल नाम की एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ने शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें उसने बताया था कि फरवरी 2023 की एक रात अंधेरी के एक पब के बाहर उसकी एक दोस्त ने पृथ्वी शॉ के साथ सेल्फी लेने की कोशिश की थी। लेकिन तब पृथ्वी ने उसके दोस्त को सेल्फी देने से मना करते हुए उसका मोबाइल फोन छीन कर फेंक दिया था और इसका विरोध करने पर क्रिकेटर ने उसके साथ बदतमीजी और छेड़छाड़ की थी। अब कोर्ट के फैसले पर आप टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर भी देख सकते हैं।
पहले पुलिस ने जांच में ढिलाई की और अब पृथ्वी इसे हल्के में ले रहे हैं
सपना गिल ने इस सिलसिले में पहले पुलिस कंप्लेंट करने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस ने भी कथित तौर पर उनकी शिकायत को रद्दी की टोकरी में डाल दिया। जिसके बाद इस सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर ने अदालत का रुख किया और अपनी पीड़ा सुनाई। इस पर अदालत ने पृथ्वी को अपना जवाब दाखिल करने का हुक्म दिया था। लेकिन कई बार कहने के बावजूद शॉ ने अपना पक्ष नहीं रखा। जिस पर अदालत ने ये कार्रवाई की।
