MP News : जमाना बहुत खराब है। कब, कहां, किसके साथ खेल हो जाए ये समझ पाना भी मुश्किल है। अब मध्य प्रदेश के इस लड़के की कहानी को ही लीजिए। राजगढ़ जिले के बाँकपुरा गांव का रहने वाले राम गोपाल वर्मा ने बहुत जुगाड़ जतन करके एक लड़की से शादी की। शादी के लिए करीब 3 लाख रुपए भी खर्चे, लेकिन शादी एक घंटे से ज्यादा नहीं चली। दुल्हन ने राम गोपाल समेत पूरे ससुराल पक्ष को चकमा दिया और लाखों रुपए बटोर कर चंपत हो गई।
दुल्हन भी फरार और बिचौलिए भी रफूचक्कर..
राम गोपाल ने महाबल गांव के रहने वाले गोकूल नाम के एक बिचौलिए से शादी की बात की थी। बिचौलिए ने जमनालाल नाम के एक और बिचौलिए से बात की। दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। इसके बाद उन्होंने राम गोपाल को शादी करवा देने का भरोसा दिलाया और कहा कि उन्हें 2 लाख रुपए बतौर फीस चाहिए होगी। राम गोपाल राजी हो गया।

तस्वीर में लड़की दूल्हे को काफी खूबसूरत लग रही थी
इसके बाद दोनों ने लड़की की तस्वीर राम गोपाल को दिखाई। बताया कि लड़की भोपाल की हैं। नाम है दिव्या भगनानी। दोनों ने राम गोपाल और उसके घरवालों को लड़की की तस्वीर भी दिखाई जो उन्हें पसंद आ गई। सजी संवरी लड़की अच्छी लग रही थी। इसके बाद 23 अप्रैल को पहले ब्यावरा में कोर्ट मैरिज हुई और फिर एक मंदिर में दोनों की शादी। इस दौरान दोनों बिचौलिए गोकुल और जमानदास लगातार लड़की के साथ साथ रहे।
ये रहा शादी के बाद लुटेरी दुल्हन का एग्जिट प्लान
शादी के बाद करीब घंटे भर आराम करने और सुस्ताने के बाद दुल्हन ने वॉशरूम जाने की बात कही। गोकुल और जमानदास भी उसे रास्ता दिखाने के नाम पर उठे और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता तीनों फिल्मी स्टाइल में वहां से फरार हो गए। कुछ देर तक तो राम गोपाल और उसके घर वालों ने दुल्हन और बिचौलियों का इंतजार किया, उन्हें फोन लगाने की कोशिश की, मगर सब बेकार हो गया। इसके बाद पीड़ित दूल्हे ने पहले अपने तौर पर मामले का हाल ढूंढने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहने पर पुलिस से शिकायत की।