Kerala python hunting case: केरल के कन्नूर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो लोगों ने एक अजगर सांप का ही शिकार कर डाला और उसे पका कर खा गए। और तो और वन विभाग की टीम ने दोनों को ऐसा करते हुए रंगे हाथों पकड़ भी लिया। फिलहाल दोनों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और दोनों को पकड़ कर जेल भेज दिया गया है।

समझिए कैसे हुआ इस अजीब मामले का खुलासा
अब आइए पूरा मामला समझिए। वन विभाग की तालीपराम्बा को खबर मिली कि इलाके में दो लोगों ने एक अजगर सांप का शिकार किया है और उसे अपने घर में पका कर खा रहे हैं। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उस ठिकाने पर दबिश डाली, जहां अजगर को मार कर पकाए जाने की खबर मिली थी और वाकई अब विभाग के अधिकारियों को वही नजर आया, जिसकी खबर मिली थी। द हिंदू ने इस आशय की खबर प्रकाशित की है।
पतीले में मांस बाकी हिस्से घर में बिखरे हुए मिले
एक मकान में दो लोग अजगर का मांस पकाते हुए नजर आए। चूंकि अजगर काफी बड़ा था, उसका सारा मांस तो एक बार में पका नहीं सकते थे, तो उसके शरीर के बाकी कटे फटे हिस्से वहीं मौके पर पड़े हुए मिल गए, जिसे अधिकारियों के दल ने बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों की पहचान प्रमोद यू और बिनेश सी के तौर पर हुई है, जो केरल के ही पनपुझा के निवासी बताए गए हैं।
रबर के बगीचे में किया अजगर का शिकार
खबरों के मुताबिक दोनों ने अजगर का शिकार रबर के एक बगीचे में किया, जहां ये सांप रहा करता था। फिलहाल इस घटना के सामने आने के बाद आम लोगों के साथ साथ वन विभाग के अधिकारी भी हैरान हैं। क्योंकि लोगों ने दूसरे वन्य जीवों के शिकार के मामले तो सुने हैं, लेकिन खाने के लिए अजगर के शिकार का मामला पहली बार सामने आया है। आपको बता दें कि अजगर (Indian rock python) सांप केरल के जंगलों में पाए जाते हैं और कन्नूर भी अजगरों की आबादी वाला जिला है।
