Jodhpur News – आम तौर पर किसी छंटे हुए बदमाश या हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार करना कोई आसान काम नहीं होता। बदमाश कई बार किसी भी हद तक गुजर जाते हैं। ऐसे मामले भी हैं जब पुलिस वालों को गिरफ्तारी की कीमत जान देकर भी चुकानी पड़ी है। लेकिन जोधपुर में एक हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई पुलिस को एक ऐसा एक्सपीरिएंस हुआ कि पुलिस वाले बदमाश को गिरफ्तार करने के बाद हंसी ठहाके पर मजबूर हो गए। एक हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी का एक ऐसा सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें पुलिस वाले हंसते मजाक करते दिख रहे हैं।
मेकअप शेकअप तो ठीक था, मगर इशारेबाजी के चक्कर में धरा गया
असल में दयाशंकर नाम के एक हिस्ट्रीशीटर की जोधपुर पुलिस को शिद्दत से तलाश थी। शहर कोतवाली की पुलिस दयाशंकर उर्फ बिट्टू की तलाश में पुराने शहर के इलाके में पहुंची और उसके घर पर दबिश डाली गई। मगर, अंदर बैठी एक महिला ने पुलिस को इशारों से ही ये बताने की कोशिश की कि दयाशंकर अभी घर में नहीं है। वैसे तो पुलिस वापस चली जाती, लेकिन अचानक पुलिस का माथा ठनका कि महिला इशारों से क्यों बातें कर रही है? मुंह से कुछ क्यों नहीं बोल रही? और बस.. यही वो बात थी जिसने पुलिस को उस महिला पर ही शक करने पर मजूबर कर दिया।
सोशल मीडिया पर अजीब हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी का वीडियो देखें–
https://x.com/Vyas_Jodhpur/status/1935380392573317529?t=Bl4ECaMiMGArdvwqp9J_nA&s=19
साड़ी-ब्लाउज में इशारा करके पुलिस वालों को चलता करने की कोशिश
पुलिस वालों ने गौर से देखा तो पता चला कि ये तो वही दयाशंकर है, जिसकी तलाश में वो यहां तक पहुंची है। असल में दयाशंकर अपने ही घर में साड़ी ब्लाउज पहन कर महिला के लिबास में छुपा बैठा था, ताकि पुलिस अगर उसे पकड़ने पहुंचे, तो उसे महिला की ड्रेस में देख कर धोखा खा जाए। लेकिन पुलिस को पुलिस ठहरी। पारखी निगाहों ने पकड़ लिया कि जनाब हिस्ट्रीशीटर आज नारी रूप में हैं। बस, फिर क्या था.. उसे बालों से घसीटती हुई पुलिस अपने साथ थाने ले गई। दयाशंकर पिछले चार महीने से पुलिस को छका रहा था। उस पर मारपीट, लूटपाट और धमकाने का इल्जाम है।
बाहर से लड़की.. अंदर से लड़का.. है ना गजब?
वैसे दयाशंकर ने पुलिस पर अपना ये हैरान करने वाला हथकंडा पहली बार नहीं आजमाया। बल्कि इससे पहले भी वो महिला का वेष धर कर पुलिस वालों को गुमराह कर चुका था। इसलिए इस बार पुलिस वालों को उस पर कुछ ज्यादा ही शक था। पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया वो बिल्कुल क्लीन शेव में महिलाओं की तरह बना-ठना बैठा था। यहां तक कि बनावटी वक्षस्थल और गले में मंगलसूत्र भी था। हां, घूंघट के नीचे उसके बाल लड़कों की तरह छोटे-छोटे थे। शायद चार महीने में वो इससे ज्यादा लंबे बाल नहीं बढ़ा पाया।