Jharkhand News – कई बार एक छोटी सी लापरवाही कैसे इंसान की जान पर बन आती है, ये इस वाकये को जानने के बाद आपको अहसास हो जाएगा। ये मामला झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले के गांव रुग्दिसाई तबलपुर गांव का है। जहां 20 साल की एक लड़की के गले में एक जिंदा मछली फंस गई और उसकी जान जाते जाते बची। वो तो भला हो उसके घरवालों और गांव वालों का, जिन्होंने वक्त रहते उसे अस्पताल पहुंचाया और डाक्टरों ने उसकी जान बचा ली। वरना कुछ भी हो सकता था।
Jharkhand News – समझिए आखिर हुआ क्या था?
अब आइए मामला तफसील से समझते हैं। तो रुग्दिसाई तबलपुर की रहने वाली ये लड़की गांव के बाहर मछली पकड़ने गई थी। जहां उसने बातों बातों में एक जिंदा मछली अपने मुंह में रख ली। दुर्भाग्य से वो मछली सरक कर मुंह से गले में चली गई और अंदर फंस गई।
इससे लड़की को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उसने पहले तो अपने तौर पर मछली की काबू करने की पूरी कोशिश की। गले में हाथ डाल कर उसे बाहर निकालने का भी जतन किया। लेकिन वो जितनी कोशिश करनी मछली और फंसती हुई महसूस होती। फिर देखते ही देखते उसकी तबियत कुछ ज्यादा ही बिगड़ने लगी और तब लोग उसे लेकर सीधे सराइकेला खरसावां से जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचे और वहां डॉक्टर वाकई उसके लिए भगवान साबित हुए।
Jharkhand News – ऑपरेशन से पहले ही डाक्टरों ने किया करिश्मा
ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ रोहित झा की अगुवाई में फौरन लड़की की जान बचाने के लिए ऑपरेशन की तैयारी की गई। लेकिन ऑपरेशन से पहले डाक्टरों ने फोर्शेप्स से मछली को पकड़ने की कोशिश की। खुशकिस्मती से वो कामयाब हो गए और बगैर किसी ऑपरेशन के ही मछली को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया।
फिलहाल लड़की की हालत ठीक है। पीड़ित लड़की के खुल कर सांस लेते ही घर वालों ने राहत की सांस ली।
(तस्वीर –प्रतीकात्मक। सौजन्य –pexels)