Hardoi viral news: हमारे देश में भी एक से बढ़ कर एक कलाकार मौजूद हैं। नहीं.. ये असली कलाकारों की बात नहीं हो रही, बल्कि दूसरे कलाकारों की बात हो रही है। अब देखिए न, यूपी के हरदोई में एक बंदे ने किसी लड़की से शादी की। लेकिन महज साल भर के अंदर ही पतिदेव गायब हो गए। दर्दनाक ये रहा कि एक तो पति अपनी नई नवेली बीवी को छोड़ कर भाग गया और उल्टा लड़के के घर वालों ने दुल्हन और उसके घर वालों पर ही अपने बेटे को मारपीट कर गायब कर देने का आरोप लगा दिया।
रील में दूसरी बीवी के साथ अठखेलियां कर रहा था पति
लड़की और उसके घरवाले बेचारे सब कुछ बर्दाश्त करते रहे। लेकिन कहानी में जबरा ट्विस्ट तब आया, जब लड़की की नजर अब सात साल बात एक रील पर पड़ी। रील में उसका सात साल पहले गायब हुआ पति किसी और महिला के साथ अठखेलियां कर रहा था।
पंजाब में ‘अज्ञातवास’ काट रहे जमाई राजा चढ़े पुलिस के हत्थे
अब बात पुलिस तक पहुंच गई। मामले की जांच चालू हुई। पता चला जनाब अपनी पहली वाली को छोड़ कर दूसरी से शादी कर चुके हैं और इन दिनों पंजाब में रह कर मौज काट रहे हैं। बस, फिर क्या था? हरदोई की पुलिस पंजाब पहुंची और जमाई राजा को अपने साथ गिरफ्तार कर ले आई।
..लो अब बना लो रील
बंदे की पहचान बंदे की पहचान जितेंद्र उर्फ बबलू के तौर पर हुई है। जो हरदोई के आटामऊ गांव का रहने वाला है। जितेंद्र की शादी 2017 में मुरादनगर की एक लड़की से हुई थी। शादी में दूल्हे राजा और उसके घर वालों ने जम कर दहेज भी बटोरा था। लेकिन साल भर गुजरते गुजरते लड़के ने कलाकारी दिखा दी और फुर्र हो गया। वो भला हो उसकी दूसरी बीवी का, जिसकी रीलबाजी के शौक ने इस धोखेबाज पतिदेव की पोल खोल दी। ..अब बना लो रील..
