
Himachal Pradesh News. अपने दोनों पतियों के साथ पोज देती दुल्हन.
Himachal Pradesh News: कोई लड़की एक ही मंडप में एक ही साथ दो लड़कों से शादी कर ले, ऐसा देखने सुनने को कम ही मिलता है। लेकिन हिमाचल प्रदेश की एक लड़की ने एक ही मंडप में एक ही साथ दो सगे भाइयों से शादी कर लोगों को चौंका दिया है। कहने वाले इसे अजीब कह सकते हैं, इसकी आलोचना कर सकते हैं, लेकिन आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि जिस समाज में ये शादी हुई है, वो समाज ऐसी शादी को ना सिर्फ मान्यता देता है, बल्कि इसे अच्छा भी मानता है। और तो और हिमाचल प्रदेश में इस शादी को कानूनी मान्यता भी प्राप्त है।
मामला सिरमौर जिले के कुन्हट गांव का है। जहां एक लड़की ने एक साथ दो सगे भाइयों से शादी की है। ये दोनों भाई थिंडो खानदान के हैं। दरअसल इस इलाके में ये बहुपति प्रथा सालों से चली आ रही है। लोगों का मानना है कि इस तरह अगर लड़की से घर के लड़कों की शादी होती है, तो फिर संपत्ति का बंटवारा रुक जाता है। जो कि परिवार को मजबूती देता है। इसीलिए सिरमौर के शिलाई इलाके में पहली ऐसी शादियां आम थी, लेकिन धीरे-धीरे शिक्षा के प्रचार प्रसार के साथ ये बंद हो गईं। मगर जिन तीन लड़के लड़कियों ने ये शादी की है, वो सभी पढ़े लिखे हैं। इनमें एक लड़का जहां विदेश में काम करता है, वहीं दूसरा जल विभाग में कार्यरत है।
इस विवाह को उजला पक्ष या जोड़ीदार प्रथान भी कहा जाता है। इस शादी के बाद लोग ये दलील दे रहे हैं कि ऐसी शादी से हिमाचल की पुरानी परंपराएं जीवित होंगी और गांव देहात में रहने वाली नौजवान पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ेंगी और पलायन नहीं करेंगी। हालांकि ऐसी शादी पर हैरानी जताने वाले लोगों की भी कोई कमी नहीं है। जिनका मानना है कि ये ना सिर्फ अजीब है, बल्कि समाज में असंतुलन की वजह भी बन सकता है।