Disha Patani house firing: फिल्म एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर शुक्रवार की सुबह सवेरे दनादन फायरिंग हुई। इस फायरिंग में हालांकि किसी को नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन फायरिंग के बाद दिशा और उनके घर के लोग दहशत में हैं।
संत प्रेमानंद और अनिरुद्धचार्य पर बयान का बदला!
उधर सोशल मीडिया पर दो गैंगस्टरों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है और कहा है कि दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी ने जिस तरह से हाल ही में संत प्रेमानंद और अनिरुद्धचार्य का अपमान किया, ये उसका बदला है। दोनों ने कहा कि जो भी साधु संतों या हिन्दू धर्म के बारे में गलत टीका टिपण्णी करेगा, वो अपना अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे।
गैंगस्टर चारण और सारण बंधुओं ने की हमले की जिम्मेदारी
राजस्थान से जुड़े गैंगस्टर वीरेंद्र चारण और उसके साथी महेंद्र सारण ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। दोनों ने कहा है कि ये फायरिंग पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी एक चेतावनी है। आजतक ने भी इस घटना पर रिपोर्ट प्रकाशित की है। आप वो भी देख सकते हैं।
जानिए क्या है संतों से खुशबू पाटनी का विवाद
अब जानिए विवाद क्या है। अभी हाल में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने महिलाओं को लेकर कुछ विवादित बातें कही थी। उसी दौरान संत प्रेमानंद ने भी महिलाओं को लेकर अपनी राय रखी थी। जिसके बाद खुशबू पाटनी ने इन कमेंट्स को लेकर वीडियो बना कर काफी भड़ास निकाली थी। जिसके बाद लोग खुशबू से नाराज हो गए थे। हालांकि खुशबू ने कहा था कि उनके कमेंट्स अनिरुद्धाचार्य के लिए थे, संत प्रेमानंद के लिए नहीं।
