Delhi Yamuna flood alert: दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा पर अब बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। वजह है यमुना का पानी। असल में भारी बारिश के चलते हथनीकुंड बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया है, ऐसे में पहले ही खतरे के निशान के आस-पास बह रही यमुना नदी का जलस्तर अभी और बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। और इसी खतरे को देखते हुए ये कहा जा रहा है कि यमुना के डूब क्षेत्रों में अब बाढ़ का खतरा पैदा हो चुका है।
मंगलवार शाम तक बढ़ेगा यमुना में पानी
हथिनीकुंड बैराज हरियाणा में है जहां से 3.29 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इस पानी के मंगलवार शाम तक दिल्ली पहुचंने की उम्मीद है। ऐसे में आशंका जताई जा रही कि पानी बढ़ने से यमुना का जलस्तर 206 मीटर तक चला जाएगा, जो कि काफी ज्यादा है। इसी खतरे को समझते हुए यमुना पर बने पुराने पुल को बंद करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
दिल्ली को लेकर क्या है तैयारी? जानिए..
उधर, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने इसके लिए व्यापक तैयारी की है। उन्होंने दावा है कि दिल्ली पूरी तरह से तैयार है। साथ ही जानकारी भी दी है कि यमुना का पानी फ्लड प्लेन तक ही रहेगा। सीएम ने जानकारी दी है कि दिल्ली में सारे नाले बिल्कुल क्लीयर हैं।
इसलिए जल जमाव की कोई आशंका नहीं है। पानी की धार रुकने और लोगों के संकट में आने की संभावना ना के बराबर है। हां, जो लोग रिवर कैचमेंट एरिया में रहते हैं, उन्हें थोड़ी दिक्कत होगी लेकिन उनकी मदद करने की तैयारी है।
