Bihar voter adhikar Yatra: बिहार की चुनावी राजनीति में महिला वोट बैंक को साधने के लिए कांग्रेस ने नए सिरे से शुरुआत की है। इसी क्रम में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में प्रियंका गांधी की एंट्री ने माहौल को पूरी तरह गर्मा दिया है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में चल रही इस यात्रा में प्रियंका गांधी की सक्रियता अब महिलाओं के मुद्दों को केंद्र में ला रही है। कांग्रेस ने तीज के दिन इस यात्रा को महिला सशक्तिकरण और मतदाता जागरूकता का प्रतीक बनाया है।
NDA के गढ़ में विपक्ष का हल्ला बोल
महागठबंधन की ये यात्रा NDA के मजबूत इलाकों में प्रवेश कर चुकी है। खास तौर पर सुपौल, मधुबनी और सीतामढ़ी जैसे जिला केंद्रों पर कांग्रेस और गठबंधन दलों की तैयारी चरम पर है। सुपौल में प्रियंका गांधी की अगुवाई और सीतामढ़ी के सीता मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम विपक्षी रणनीति का बड़ा सियासी दांव माना जा रहा है। बैनर-पोस्टर और समर्थकों की भीड़ ने भाजपा के गढ़ में महागठबंधन को नया उत्साह और आत्मविश्वास दिया है।
वोट चोरी के मुद्दे को भुनाने के साथ साथ सॉफ्ट हिंदुत्व का दांव
इस यात्रा के जरिए कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आवाज उठाई है और मतदाताओं के अधिकार की रक्षा को अपना मुख्य उद्देश्य बताया है। यात्रा के हर पड़ाव पर सामाजिक संवाद, मंदिर में पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर जनता से सीधा जुड़ाव बनाया जा रहा है। सुपौल से मधुबनी तक यात्रा का विस्तार और स्थानीय समुदाय की भागीदारी इस अभियान को और मजबूत बना रही है।
जानकी मंदिर में प्रियंका-राहुल की पूजा का मतलब?
यात्रा के दौरान 27 अगस्त को प्रियंका गांधी और राहुल गांधी सीतामढ़ी के प्रसिद्ध जानकी मंदिर में महागठबंधन के अन्य नेताओं संग पूजा-अर्चना करेंगे। इस कार्यक्रम को चुनावी रणभूमि में बड़ा सियासी संदेश माना जा रहा है। कांग्रेस यहां धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक समरसता का संदेश देने की कोशिश कर रही है।
चुनावी समीकरणों में नया मोड़.. महिला वोटरों पर ध्यान
प्रियंका गांधी की बिहार यात्रा ने महिला वोटर्स के बीच कांग्रेस की पकड़ मजबूत की है। वहीं, मंदिर कार्यक्रम से पार्टी ने सांस्कृतिक पहचान को भी जोड़ने का प्रयास किया है। NDA और भाजपा के सामने महागठबंधन के ये नए सियासी कदम चुनौती पेश कर रहे हैं। बिहार की राजनीति में इस बार महिलाओं का वोट निर्णायक बन सकता है और कांग्रेस का महिला केंद्रित अभियान चर्चा में है।
