
Bihar News. 60 साल के फूफा के प्यार में पागल गुंजा ने ले ली पति प्रियांशु की जान.
Bihar News : बिहार के औरंगाबाद जिले का नबीनगर रोड रेलवे स्टेशन। यहां से बाइक पर तीन लोग अपने गांव लौट रहे थे। इनमें एक प्रियांशु भी था, जिसकी अभी कुछ रोज पहले ही शादी हुई थी। जबकि बाकी के दो लड़के उसके जानने वाले, जो उसे लेने रेलवे स्टेशन तक आए थे। अभी तीनों आधे रास्ते में ही थे, तब तक एक सुनसान सड़क पर दूसरी ओर से बाइक पर दो लड़के आए। उन्होंने ईशारे से प्रियांशु को रास्ता पूछने के बहाने रोका, जो खुद ही बाइक चला रहा था। बाइक रुकते ही लड़कों ने प्रियांशु पर फायरिंग शुरू कर दी।
सिर में चार गोली मार कर नए-नवेले दूल्हे का कत्ल
प्रियांशु के सिर में चार गोली लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आंखों के सामने अपने दोस्त की हत्या होता देख बाकी के दोनों लड़कों की मानों जीते-जी जान निकल गई। दोनों किसी तरह से अपने गांव पहुंचे और इस वारदात की खबर दी। खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। पुलिस बुलाई गई। मामले की जांच शुरू की गई। सबसे हैरानी की बात ये थी कि प्रियांशु की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वो काफी अच्छा लड़का था। ऐसे में पुलिस भी उलझ गई।
पुलिस की जांच में दुल्हन के कमरे से मिला सीक्रेट मोबाइल
अब औरंगाबाद पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने प्रियांशु के मोबाइल की सीडीआर यानी कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अब पुलिस ने प्रियांशु के कमरे की तलाशी ली। जहां से पुलिस को दो मोबाइल फोन बरामद। इनमें एक मोबाइल फोन तो प्रियांशु की पत्नी गुंजा का था, लेकिन दूसरा किसका था ये पता नहीं चल रहा था। जब पूछताछ हुई तो पता चला कि दूसरा फोन भी गुंजा का ही है। जिसके बारे में ससुराल में किसी को जानकारी नहीं थी। यानी ये एक सीक्रेट फोन था।
शादी के रोज दुल्हन ने अपने फूफा को किए 99 कॉल्स
अब पुलिस ने गुंजा के दोनों मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाई और इसी क्रम में जब उसने गुंजा के सीक्रेट नंबर की सीडीआर चेक की, तो चकरा गई। इस सीक्रेट नंबर से नई नवेली दुल्हन किसी एक ही नंबर पर फोन किया करती थी। और ये नंबर किसी गैर का नहीं बल्कि खुद गुंजा के फूफा जीवन सिंह का था, वो जिसके यहां से रह कर बड़ी हुई थी। हद तो ये थी कि जिस दिन गुंजा की शादी हो रही थी, उस दिन भी गुंजा ने अपने फूफा को 99 बार कॉल किए थे। ये सबकुछ बड़ा ही संदिग्ध था।
गुंजा ने इसलिए दी थी अपने पति के कत्ल की सुपारी
ऐसे में पुलिस ने एक तरफ गुंजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और दूसरी तरफ जीवन सिंह को ढूंढना शुरू किया। जीवन सिंह तो खैर भाग चुका था, लेकिन पुलिस की हिरासत में गुंजा की सच्चाई बाहर आ गई। अपने पति प्रियांशु की हत्या के पीछे कोई और नहीं बल्कि खुद उसकी दुल्हन गुंजा थी, जिससे कुछ रोज पहले ही उसकी शादी हुई थी। असल में गुंजा अपने फूफा जीवन सिंह के प्यार में पागल थी और इसी प्यार के चलते उसने अपने पति प्रियांशु को ही रास्ते से हटा दिया, ताकि वो आगे की जिंदगी जीवन सिंह के साथ गुजार सके।
प्रियांशु को बाजार भेज शूटरों को भेजी टारगेट की तस्वीर
गुंजा की शादी 10 मई को हुई थी और शादी के बाद से ही वो अपने पति को मारने की प्लानिंग कर रही थी। जबकि पति को साजिश तो छोड़िए, शादी से पहले गुंजा के किसी से संबंध होने के बारे में भी पता नहीं था। गुंजा ने दो किराये के कातिलों से बात की। एक दिन धोखे से अपने पति प्रियांशु को मिठाई लाने बाजार भेजा। इधर प्रियांशु बाजार गया, उधर अपने फोन से प्रियांशु की तस्वीर शूटरों को भेज दी और बता दिया कि प्रियांशु को वो बाजार में ही खत्म कर दे। लेकिन बाजार में ज्यादा भीड़ होने की वजह से शूटर अपना काम नहीं कर सके। इस तरह प्रियांशु की जान बच गई।
रेलवे स्टेशन से घर लौटते समय हुआ प्रियांशु का कत्ल
अगले दिन प्रियांशु को अपने काम से रांची जाना पड़ा। मंगलवार, 24 जून को वो रांची से काम निपटा कर ट्रेन से वापस लौटा और नबी नगर रोड रेलवे स्टेशन पर उतर गया। उसने अपने के दो लड़कों को खुद को पिक करने के लिए स्टेशन तक बुलाया था। जहां से तीनों बाइक पर वापस लौट रहे थे। लेकिन इसी बीच पहले से घात लगाए शूटर्स ने प्रियांशु को गोली मार दी और फरार हो गए। इस दिन प्रियांशु की शादी को ठीक डेढ़ महीना हुआ था। जांच चालू हुई, तो पुलिस ने गुंजा के साथ-साथ दोनों शूटर्स को धर दबोचा, लेकिन गुंजा का फूफा जीवन अब भी फरार है।
10वीं के बाद से फूफा के घर में ही रहती थी गुंजा
अब गुंजा और जीवन की स्टोरी सुनिए। गुंजा ने जब 10वीं पास की,तो उसके फूफा जीवन सिंह ने गुंजा के पिता राम रूप सिंह को फोन कर रहा कि वो गुंजा को उनके पास झारखंड के डाल्टनगंज भेज दे। वहां उनके पास रह कर उसकी पढ़ाई सही तरीके से हो जाएगी। राम रूप सिंह ने अपनी बहन के पति पर यकीन कर लिया और अब गुंजा अपने बुआ-फूफा के पास ही रहने लगी। लेकिन फूफा शातिर था। उसने गुंजा को अपने रुपये-पैसे और लच्छेदार बातों की जाल में फंसा लिया। उसे मोबाइल फोन दिलाया और फिर धीरे-धीरे उसके पास आने लगा।
60 साल के फूफा से गुंजा का था ‘सीक्रेट अफेयर’
दोनों के बीच संबंध बन गए और गुंजा अब पूरी तरह से फूफा के प्यार में डूब गई। अब जब गुंजा की शादी तय हुई, तो फूफा रूठ गया। लेकिन गुंजा ने उसे भरोसा दिलाया कि शादी के बाद भी वो उसके साथ रिलेशन में बनी रहेगी। तब जाकर फूफा ने हामी भरी। लेकिन दोनों के अफेयर से लेकर ये सारी चीजें इतने सीक्रेटिव यानी गोपनीय तरीके से चल रही थी कि दोनों ही घरों में किसी को इन दोनों के रिलेशन का पता ही नहीं था। बहरहाल, शादी तो हो गई लेकिन अब गुंजा के लिए अपने फूफा से दूर रहना मुश्किल होने लगा। और तब दोनों ने मिल कर गुंजा के पति प्रियांशु के कत्ल की साजिश रची।