
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक हैरान करने वाली घटना हुई। यहां एक शख्स ने अपने ही बहनोई की ईंटों से कुचल कुचल कर हत्या कर दी। बहन अपने पति की जिंदगी बख्श देने के लिए भाई के सामने गुहार लगाती रही। लेकिन भाई के सिर पर खून सवार था। उसने ना सिर्फ बहनोई की जान ले ली। बल्कि कत्ल करने के बाद अपनी बहन से कहा, “देख, इसे कहते हैं असली मर्डर। ऐसे होता है मर्डर।”
बहन की लव मैरिज से खफा था भाई
मामला बागपत जिले के खेकड़ा थाना इलाके के नंगलाबढी गांव का है। यहां की रहने वाली आरती ने विकास से लव मैरिज की थी। दोनों ने घर से भाग कर मंदिर में शादी कर ली थी। धीरे धीरे घर के बाकी लोगों ने आरती और विकास के रिश्ते को स्वीकार कर लिया था, लेकिन आरती का भाई आकाश इस रिश्ते से अब भी नाराज था।
पहले अपनी बहन को पीटा फिर बहनोई को मार डाला
इस शादी को लेकर आकाश का सोमवार को अपनी बहन से विवाद हुआ। इस विवाद में आकाश के साथ उसकी पत्नी और पत्नी की बहन भी शामिल थी। सबने मिलकर आरती को पीटना शुरू कर दिया। जब विकास ने ये मंजर देखा तो उसने अपनी पत्नी आरती को बचाने की कोशिश की। लेकिन आकाश ने अपने बहनोई पर ईंटों से वार करना शुरू कर दिया और ईंटों से ही मार मार कर उसने अपनी बहन के सामने ही अपने बहनोई की जान ले ली।
“देख ऐसे होता है असली मर्डर”
आकाश के सिर पर मानों खून सवार था। उसने गुस्से में बहनोई विकास की जान लेने के बाद कहा, “देख, इसे कहते हैं असली मर्डर। ऐसे होता है मर्डर।”