UP Crime News – यूपी के बहराइच जिले के नानपारा इलाके के एक गांव में 7 मार्च की सुबह-सुबह एक भयानक मंजर लोगों के सामने था। यहां से बहने वाली एक नहर के किनारे एक महिला की सिर कटी लाश पड़ी थी। खास बात ये थी कि लाश सिर्फ सिर कटी ही नहीं थी, बल्कि उसकी दोनों बाहें भी गायब थी। सीन कुछ ऐसा था कि लाश देखने वालों के रौंगटे खड़े हो गए। (UP Crime News)
फौरन गांव वालों ने पुलिस को खबर दी और पुलिस मौका ए वारदात पर पहुंची। लाश को देख कर वाकई पुलिस का भी दिमाग घूम गया। असल में कत्ल का तरीका बेहद बर्बर था और कातिल मरने वाली महिला का सिर काट कर अपने साथ ले जा चुका था। ऐसे में पुलिस के लिए मरने वाली महिला की पहचान पता करना भी एक चुनौती बन गई।

खैर.. पुलिस कोशिश करती रही और 24 घंटे के अंदर महिला की पहचान पता करने में कामयाब हो गई। ये महिला बहराइच के पास मौजूद श्रावस्ती जिले की रहने वाली थी। नाम था साजरून। साजरून दो बच्चों की मां थी, जबकि उसका पति मुंबई में रह कर काम किया करता था। अब सवाल ये था कि आखिर साजरून की हत्या क्यों हुई?
ऐसी भयानक हत्या लूटपाट के लिए तो हो नहीं सकती थी। दुश्मनी या जमीन-जायदाद का मसला हो सकता था। लेकिन पुलिस ने उन एंगल पर भी तफ्तीश करके देख ली, ऐसी कोई खास लीड नहीं मिली। अब पुलिस ने रिश्तों के पहलू को खंगालना शुरू किया और इस कोशिश में पुलिस को पहली कामयाबी मिली।
UP Crime News – क्या अफेयर में हुआ साजरून का कत्ल?
पता चला कि साजरून की श्रावस्ती में अपने ही घर के करीब बाइक रिपेयर की दुकान चलाने वाले आसिफ नाम के एक लड़के से अफेयर था। आसिफ से उसके प्यार मुहब्बत का सिलसिला नया-नया नहीं बल्कि साजरून की शादी के पहले से चला आ रहा था। लेकिन क्या साजरून का कत्ल इसी प्यार मुहब्बत के चक्कर में हुआ या फिर वजह कुछ और थी? पुलिस को आसिफ पर शक हो रहा था। लेकिन शक तब और गहरा गया, जब पता चला कि आसिफ घर से गायब है।
अब पुलिस ने वारदात वाले दिन यानी 6 और 7 मार्च के दौरान जिस गांव में साजरून की लाश मिली थी, उस इलाके में मोबाइल फोन का डंप डाटा कलेक्ट किया। ताकि ये पता चले कि उस रोज साजरून के साथ-साथ आसिफ की भी उसी इलाके में मौजूदगी थी या नहीं? और जानते हैं इस तफ्तीश का नतीजा क्या निकला? पता चला कि आसिफ भी साजरून के साथ वारदात के वक्त उसी गांव में था। यानी आसिफ के ही साजरून का कातिल होने की बात तकरीबन साफ हो चुकी थी।
UP Crime News – कत्ल का हथियार देख कर चौंके लोग
अब पुलिस ने पहले मुखबिर की मदद से आसिफ की लोकेशन पता लगाई और फिर आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया। लेकिन असली कहानी इसके बाद सामने आई। आसिफ ने कत्ल की वजह तो बताई ही, जब उसकी निशानदेही पर साजरून का कटा हुआ सिर और कत्ल में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद हुआ, तो लोग हक्के-बक्के रह गए।
आसिफ ने साजरून की पहचान छुपाने के लिए उसका कटा हुआ सिर और बांहें मौका ए वारदात से करीब 2 किलोमीटर दूर फेंकी थी। जबकि क़त्ल सिर्फ इसलिए किया था क्योंकि साजरून शादीशुदा होने के बावजूद उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी और आसिफ इसके लिए तैयार नहीं था। लेकिन सबसे हैरानी भरी कहानी थी इस कत्ल में इस्तेमाल किए गए हथियार की।
उत्तर प्रदेश की ये खबर भी चौंकाने वाली है-
UP Crime News – साउथ इंडियन मूवी से मिला हथियार
ये कोई मामूली हथियार नहीं था। इस हथियार को आसिफ ने खुद कई महीने का वक्त लगा कर खुद तैयार किया था। ये दिखने में जितना खतरनाक था, इसका इस्तेमाल भी उतना ही घातक। आसिफ खुद एक बाइक मिस्त्री था, तो उसने इस हथियार को बाइक की चेनस्पॉकेट से तैयार करने का फैसला किया था और इसके अंतिम रूप देने में भी कामयाब रहा।
अब सवाल ये है कि जो कत्ल सिर्फ एक चाकू या गोली से भी हो सकता था, उस कत्ल के लिए आसिफ ने अलग से हथियार क्यों बनाया? तो जवाब है उसने कुछ रोज पहले सालार नाम की एक साउथ इंडियन मूवी देखी थी, जिसमें ऐसा ही एक अनोखा हथियार दिखाया गया था, जिसमें हैंडल के ऊपरी हिस्से में फरसे की तरह दो तेजधार धातु के टुकड़े लगे हुए थे और इनमें से एक कांटेदार था। हथियार दिखने में खतरनाक था और इसका इस्तेमाल भी खतरनाक। और बस तभी से आसिफ ने ये ठान लिया कि वो ऐसे ही अनोखे हथियार से अपनी माशूका की जान लेगा।