Himani Murder Case – ऐसे पकड़ा गया हिमानी का शादीशुदा कातिल.. उस रात की पूरी कहानी..

Himani Murder Case – 1 मार्च की सुबह-सुबह रोहतक के सांपला इलाके में एक फ्लाईओवर के नीचे लोगों की नजर एक लावारिस सूटकेस पर पड़ी। सूटकेस के आस-पास मक्खियां भिनभिना रही थी। लोगों को देख कर कुछ शक हुआ और उन्होंने पुलिस को इत्तिला दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पहले सूटकेस को बाहर से टटोल कर देखा। सूटकेस वाकई काफी भारी था और बाहर से देख कर ही लग रहा था कि शायद उसमें कोई लाश हो सकती है। बहरहाल, सूटकेस खोला गया और अंदर का मंजर देख कर वहां मौजूद लोग ठिठक गए। ये वाकई एक लाश थी। लड़की की लाश। अब पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भी मौके पर बुलवाया और सबूत इकट्ठा करने की शुरुआत कर दी। (Himani Murder Case)

उभरती हुई नेता का ऐसा अंजाम कैसे हुआ?

जांच शुरू हुई और लड़की की पहचान पता करने की कोशिशें तेज कर दी गईं। पुलिस ने लाश की तस्वीरें सर्कुलेट की। जल्द ही एक ऐसा सच सामने आया, जिसने पूरे हरियाणा को हिला दिया। ये लाश किसी मामूली लड़की की नहीं बल्कि हरियाणा कांग्रेस की नेता हिमानी नरवाल की थी। लेकिन आखिर हिमानी जैसी तेज तर्रार लड़की जो हमेशा दूसरों की मदद करती थी, वो इस हाल में कैसे पहुंच गई। सवाल कई थे, लेकिन जवाब किसी के पास नहीं था।

ऐसे मिला कातिल का पहला सुराग

बहरहाल, अब पुलिस तफ्तीश आगे बढ़ा चुकी थी। एक साथ कई फ्रंट पर पुलिस की जांच चल रही थी। एक टीम हिमानी के मोबाइल फोन की सीडीआर यानी कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकाल कर उसकी जांच कर रही थी। एक टीम हिमानी के घर के पास लेकर मौका ए वारदात तक के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही थी। जबकि एक टीम अपने सूत्रों की मदद से कहानी की तह तक जाने की कोशिश कर रही थी। जल्द ही पुलिस को कामयाबी मिली। हिमानी के घर के पास 28 फरवरी की देर रात एक शख्स एक बड़ा सा सूटकेस लेकर जाता हुआ देखा। ये वही सूटकेस था। अब ये बात क्लीयर हो चुकी थी कि कातिल भी वही था, जो हिमानी के घर के पास से सूटकेस लेकर गुजर रहा था।

क्या सीसीटीवी में दिख रहा शख्स ही कातिल था?

पुलिस अब तस्वीरों में कैद उस आदमी की पहचान पता करने की कोशिशें तेज कर चुकी थी। उधर, हिमानी के मोबाइल फोन की जांच से पुलिस को एक संदिग्ध नंबर का भी पता चला, जिससे हिमानी की आखिरी दफा बातचीत हुई थी। ये नंबर दिल्ली के रहने वाले एक शख्स सचिन का था। सचिन की एक मोबाइल रिपयेरिंग शॉप थी। पुलिस को सचिन के नंबर की लोकेशन भी हिमानी की हत्या के संभावित समय के आस-पास हिमानी के घर पास रोहतक में ही दिखाई दे रही थी। यानी ये बात अब धीरे-धीरे साफ हो रही थी कि हिमानी का हत्यारा सचिन ही हो सकता है।

पुलिस ऐसे पहुंची हत्या के आरोपी तक

अब पुलिस ने मामले को कन्फर्म करने के लिए सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे शख्स की पहचान पता की और तस्वीरों में दिख रहा ये शख्स सचिन ही था। अब तक पुलिस सचिन के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा चुकी थी। उसकी लोकेशन दिल्ली में दिख रही थी। रोहतक की एक टीम ने उसकी घेरेबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। ये सचिन दरअसल हिमानी का वो खास दोस्त था, जिससे कभी डेढ़ दो साल पहले सोशल मीडिया पर हिमानी की दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोस्ती इतनी गहरी हुई कि सचिन अक्सर दिल्ली से रोहतक आता और हिमानी के साथ ही रुकता। हिमानी अपने घर वालों से दूर किराये के मकान में अकेली रहती थी।

कत्ल वाली रात का पूरा सिक्वेंस समझें

लेकिन अब सवाल ये था कि आखिर सचिन ने हिमानी की हत्या क्यों की? इस पूरी वारदात को अंजाम कैसे दिया? तो पुलिस ने इसका भी खुलासा किया। सचिन 27 फरवरी की रात को हिमानी के घर रोहतक आया था और रात को वहीं रुका था। रात को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और सचिन ने गुस्से में आकर मोबाइल के चार्जर केबल से हिमानी का गला घोंट दिया। इसके बाद उसने हिमानी के जेवर, मोबाइल फोन, लैपटॉप सारी चीजें बटोर ली उन्हें लेकर अपनी स्कूटी पर अपने घर दिल्ली चला गया। इसके बाद 28 की रात को वो फिर से रोहतक लौटा। उसने एक ऑटो किराये पर लिया।

हत्या के बाद ऐसे ठिकाने लगाई लाश

तब तक वो हिमानी की लाश सूटकेस में पैक कर चुका था। उसने ऑटो में लाश वाला सूटकेस रखा। सांपला बस स्टैंड के पास उतरा। लोगों की नजर बचा कर सूटकेस झाड़ियों में फेंका और फिर बस में बैठ कर वापस दिल्ली चला गया। इससे पहले हिमानी से झगड़े के दौरान उसके हाथ में चोट लग गई थी और खून भी बह रहा था। उस खून को उसने हिमानी की हत्या के बाद उसी की रजाई के कवर से साफ किया था। सचिन ने रजाई का वो कवर भी सूटकेस में भर दिया और लाश के साथ ही फेंक दिया। पुलिस को सूटकेस से रजाई का कवर मिला और सचिन के हाथों में चोट के निशान भी मिले।

तो ये थी हिमानी के कत्ल की असली वजह!

अब सबसे बड़ा और अहम सवाल। सवाल ये कि आखिर सचिन ने हिमानी का कत्ल क्यों किया? दोनों के बीच झगड़ा क्यों हुआ? तो इस सवाल के जवाब में एक ऐसा राज है, जिसका खुलासा पुलिस ने अनौपचारिक रूप से किया और औपचारिक रूप से छुपा लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपने रिलेशन का फायदा उठा कर हिमानी सचिन को लगातार ब्लैक कर रही थी। उससे लाखों रुपये वसूल चुकी थी। और वारदात वाली रात दोनों के बीच इस बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद सचिन ने ना सिर्फ उसकी हत्या की बल्कि अपने पैसों की वसूली के तौर पर उसके जेवर वगैरह भी लेकर चला गया।

आखिर मोटिव को लेकर क्या छुपा रही है पुलिस?

हालांकि जब पुलिस ने क़त्ल के खुलासे को लेकर प्रेस कांफ्रेंस की, तो पुलिस क़त्ल के पीछे का राज ये कह कर छुपा गई कि अभी वो सचिन की ओर से बताई गई मोटिव को वेरिफाई कर रही है। जाहिर है, मोटिव में कुछ तो ऐसा है, जिसे पुलिस छुपाने की कोशिश कर रही है।

Rajasthan Rape and Blackmailing Case – नाबालिग लड़कियों से रेप, अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल.. रौंगटे खड़े करने वाली कहानी

About The Author