Jaunpur Girl Murder – पहले हत्या, फिर सूटकेस वाली साजिश.. और तब सिर मुड़वा कर गंगा स्नान..

Jaunpur Girl Murder – यूपी के शहर जौनपुर में कमला हॉस्पिटल के सामने शुक्रवार को कूड़े के ढेर पर लोगों की नजर एक लाल रंग के सूटकेस पर पड़ी। सूटकेस  आधा खुला हुआ था और उससे एक लाश बाहर झांक रही थी। मंजर देख कर ही लोगों को रौंगटे खड़े हो गए। लोगों ने फौरन पुलिस को फोन किया और पुलिस मौके पर पहुंची। ये एक लड़की की लाश थी। मगर सबसे बड़ा सवाल तो यही था कि ये लड़की आखिर थी कौन? और आखिर इस लड़की की लाश को यहां इस हाल में कौन फेंक कर चला गया? जाहिर है मामला हत्या का था और अब  पुलिस के सामने गुनहगार को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बड़ी चुनौती थी। (Jaunpur Girl Murder)

ऐसे शुरू हुई हत्या की जांच

जांच शुरू हुई तो मरने वाली लड़की की पहचान पता चल गई। अनन्या निषाद मूल रूप से बनारस की रहने वाली थी, लेकिन यहां जौनपुर में मछली शहर पड़ाव के पास अकेली किराये पर रहती थी और स्टाइल बाजार शॉपिंग मॉल में काम करती थी। अब पुलिस का सारा जोर उस हत्यारे को ढूंढने पर था, जिसे अनन्या को इस हाल में पहुंचाया था। लिहाजा, पुलिस ने जिस जगह पर लाश मिली, उसके आस-पास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की स्कैनिंग चालू कर दी। कुछ सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध लड़का लाल रंग का एक ई-रिक्शे पर सूटकेस के साथ बैठा जाता हुआ भी नजर आया। लेकिन ये लड़का आखिर था कौन?

रिश्तों के पेच का क्या है रहस्य?

उधर, अनन्या का पता चल जाने पर पुलिस ने उसके बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। पता चला कि अनन्या का अपने ही गांव के रहने वाले एक लड़के विशाल साहनी से अफेयर था। लेकिन अनन्या के घर वाले विशाल को पसंद नहीं करते थे। कुछ साल पहले उन्हें जब अपनी बेटी के अफेयर का पता चला तो उन्होंने अनन्या की शादी किसी और लड़के से करवा दी। लेकिन जब अनन्या के पति को उसके इस अफेयर का पता चला, उसने अपने रास्ते अलग कर लिए और अनन्या बनारस से जौनपुर आ गई।

ऐसे पकड़ा गया संदिग्ध कातिल

अब पुलिस को सूटकेस के साथ जिस संदिग्ध लड़के के सीसीटीवी फुटेज मिले थे, पुलिस ने उसकी पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी और जिसका शक था, वही बात निकली। ये शख्स कोई और नहीं बल्कि अनन्या का पुराना प्रेमी विशाल साहनी था। पुलिस को अब तक विशाल का मोबाइल नंबर भी पता चल चुका था। पुलिस ने तुरंत उसके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा कर उसकी लोकेशन ट्रैक करना शुरू कर दिया और आखिरकार उस तक पहुंच गई। पुलिस ने उसे कैसे पकड़ा ये आपको बताएंगे, लेकिन पकड़े जाने के बाद उसने हत्या करने की जो कहानी सुनाई, वो भयानक थी।

हत्या की, सिर मुड़वा.. गंगा नहाया

पुलिस ने विशाल को जौनपुर जंक्शन से धर दबोचा, जब वो वाराणसी से लौटा था। लेकिन उसका हुलिया देख कर पुलिस हैरत में पड़ गई। क्योंकि विशाल ने हत्या करने के 24 घंटे के अंदर ही बनारस जा कर अपना सिर मुड़वा लिया था। पुलिस ने जब उससे इसकी वजह पूछी तो पता चला कि अनन्या की हत्या करने के बाद उसके दिन पर बड़ा बोझ था। इसलिए पहले वो बनारस गया। वहां उसने गंगा स्नान किया और फिर अपना सिर मुड़वा लिया। पूछताछ में विशाल ने बताया कि वो बनारस से 24 फरवरी को जौनपुर आया था और अनन्या के साथ ही रुका था।

ये रही हत्या की असली कहानी

अगले दिन सुबह उसकी अनन्या से किसी बात को लेकर लड़ाई हो गई और उसने गुस्से में उसके घर में रखे एक लोहे के औजार से अनन्या पर हमला कर दिया, जिससे उसकी जान चली गई। इसके बाद उसने लाश को ठिकाने लगाने का सोचा और अनन्या के ही एक सूटकेस में उसे भरा और उसे ठिकाने लगाने निकल पड़ा। उसे कमला हॉस्पिटल के सामने कूड़े का ढेर नजर आया, जहां उसने सूटकेस समेत लाश फेंक दी। किसी भी दूसरे अपराधी की तरह उसे पूरा यकीन था कि उसे लाश ठिकाने लगाते हुए किसी ने नहीं देखा है, इसलिए वो कभी पकड़ा नहीं जाएगा।

Rajasthan Rape and Blackmailing Case – नाबालिग लड़कियों से रेप, अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल.. रौंगटे खड़े करने वाली कहानी

About The Author