Bilaspur news: छत्तीसगढ़ के शहर बिलासपुर में एक लड़की चंद सेकेंड्स के अंदर मौत को छू कर वापस लौट आई। लड़की अपनी जान देने लिए उफनती अरपा नदी के ऊपर बने पुल के ऊपर चढ़ गई थी। वो बस कूदने ही वाली थी कि तब तक कुछ ऐसा हुआ कि पूरी कहानी पलट गई। लड़की जब तक रेलिंग के ऊपर खड़ी थी, तब तक लोगों की सांसें हलक में अटकी हुई थी। लेकिन फिर कहानी में ट्विस्ट आ गया।
लोगों ने लड़की को बातों में उलझा लिया और कहानी पलट गई
जानकारी के मुताबिक लड़की शायद अपने किसी दोस्त से नाराज थी और वो खुद को खत्म कर लेना चाहती थी। लेकिन पुल के रेलिंग पर चढ़ी लड़की को जैसे ही लोगों ने देखा, उन्होंने समझदारी से काम लिया। एक शख्स लगातार उससे बातें करने लगा, वो जिससे नाराज थी, उसका नम्बर मांगने लगा, ताकि उससे बात की जाए। लड़की उस आदमी से बात भी करने लगी। लेकिन इस बीच कुछ ऐसा हुआ कि जिसकी अब हर कोई तारीफ कर रहा है।
अचानक ‘फरिश्ते’ ने लड़की को रेलिंग से नीचे खींच लिया
हुआ यूं कि लड़की अभी रेलिंग पर खड़ी होकर नदी की ओर देखती हुई लोगों से बातें कर ही रही थी कि एक शख्स स्कूटी पर दूसरी ओर से लड़की के पास आया और इससे पहले कि लड़की कुछ समझ पाती, उसे सुरक्षित पुल के रेलिंग से नीचे खींच लिया। इस तरह लड़की की जान बच गई।
पुलिस ने वारदात को लेकर सुनाई एक अलग कहानी
फिलहाल इस वाक्ये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नवभारत टाइम्स ने इस पर एक खबर भी प्रकाशित की है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। उसका कहना है कि लड़की को नर्सिंग में एडमिशन ना मिलने की वजह से वो दुखी थी और इसी सदमे में उसने ये कदम उठाया। फिलहाल लड़की की काउंसिलिंग चल रही है।
