Lion attack viral video: एक मशहूर जोक है।
किसी ने पूछा– “अगर अचानक तुम्हारे सामने कोई बब्बर शेर आ जाए तो फिर तुम क्या करोगे?
जवाब है– “मैं क्या करूंगा? फिर तो जो कुछ भी करेगा, शेर ही करेगा।”
जोक से अलग लीबिया के रहने वाले एक मजदूर की हालत कुछ ऐसी ही हुई, जब उसके मालिक ने उस पर अपना पालतू बब्बर शेर छोड़ दिया। शेर के चंगुल में फंसा शख्स अपने मालिक से खुद को बचा लेने की फरियाद करता रहा, मगर जालिम मालिक उसका वीडियो बनाता रहा।
शेर के चंगुल में फंस कर छटपटाता रहा बेबस आदमी
हालांकि पालतू शेर ने इस मजदूर को कोई नुकसान तो नहीं पहुंचाया, लेकिन सिचुएशन खतरनाक जरूर थी। क्योंकि शेर लगातार पीड़ित शख्स के कंधे पर अपने दांत गड़ा रहा था। अगर एक बार भी शेर ने जरा सी ज्यादा ताकत लगा दी होती, तो शायद मजदूर की जान ही चली जाती।

लीबिया के अमीर किसान की गिरी हुई हरकत
फिलहाल सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसे एक्स पर @alkhaleej नाम की एक आईडी से शेयर किया गया है। जिस पर लोग तरह तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। वीडियो लीबिया का बताया जाता है। आरोप लीबिया के ही एक अमीर किसान पर है। जबकि पीड़ित शख्स की पहचान मिस्र मूल के एक मजदूर के रूप में हुई है। आरोप है कि अपने यहां काम करने वाले मजदूर से आरोपी किसान किसी बात को लेकर नाराज था और उसने मजदूर को डराने का ये खतरनाक तरीका चुना।
सांस हलक में अटकना क्या होता है, वो दिख गया
वीडियो में मजदूर सहमा हुआ खुद को शेर के चंगुल से बचाने की कोशिश करता हुआ दिख रहा है। लेकिन शेर के सामने उसकी एक नहीं चलती। इसी दौरान वो एक बार खुद को संभालते हुए विक्ट्री का साइन बना कर सामान्य होने की कोशिश भी करता है। लेकिन चेहरे पर हवाइयां तब भी उड़ रही होती है।
किसान ने पूछा– “कैसा लगा मेरा मजाक?”
सोशल मीडिया में यूजर्स इस तरीके को खतरनाक, जानलेवा और गलत बता रहे हैं। आजतक ने इस वीडियो को लेकर एक खबर प्रकाशित की है। जिसमें जानकारी दी गई है कि इस घटना के बाद लोगों के गुस्से को देखते हुए लोकल पुलिस ने आरोपी किसान को गिरफ्तार किया है। इस पर कई तरह के इल्ज़ाम हैं। हालांकि गिरफ्त में आए शख्स का कहना था कि वो तो मजाक कर रहा था।
